अपने प्रति विश्वास की भावना को अधिक मजबूत करना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी – आईजी अजय यादव

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

कबीरधाम । राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार यादव द्वारा आज कबीरधाम जिले के एक दिवसीय भ्रमण के दौरान थाना कुण्डा का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान कबीरधाम जिला के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी भूपत सिंह उपस्थित रहे। पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार यादव ने थाना परिसर , कार्यालयीन व्यवस्था , अभिलेखों एवं थाना स्तर पर संचालित विभिन्न पुलिस कार्यों का निरीक्षण करते हुये थाना प्रभारी एवं उपस्थित पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि थाना आम नागरिकों की सुरक्षा , सेवा एवं समस्याओं के निराकरण का महत्वपूर्ण केंद्र है , इसलिये थाने में आने वाले प्रत्येक फरियादी एवं सम्माननीय नागरिकों के साथ संवेदनशील , सौहार्दपूर्ण एवं सहयोगात्मक व्यवहार किया जाये तथा उनकी शिकायतों एवं समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने लंबित अपराधों , शिकायतों , मर्ग एवं अन्य प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर उनका शीघ्र निराकरण करने , गंभीर एवं महत्वपूर्ण प्रकरणों में वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों का अधिकतम उपयोग करते हुये गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित करने , महिला – बच्चों – वरिष्ठ नागरिकों एवं कमजोर वर्ग से संबंधित मामलों में विशेष संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्यवाही करने के निर्देश दिये। साथ ही थाना क्षेत्र में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति पर सतत निगरानी रखते हुये असामाजिक तत्वों एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने , नियमित पेट्रोलिंग एवं रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने , फरार आरोपियों एवं स्थायी वारंटियों की तलाश कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा बीट व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुये पुलिस एवं आम नागरिकों के मध्य सतत संवाद स्थापित करने के निर्देश दिये। पुलिस महानिरीक्षक ने साइबर अपराधों के प्रति नागरिकों को जागरूक करने , साइबर ठगी की शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने , महिला सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था से संबंधित कार्यों को प्रभावी रूप से संचालित करने , थाना परिसर की साफ-सफाई , अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण एवं बेहतर कार्यालयीन व्यवस्था बनाये रखने के साथ-साथ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन , बेहतर टर्नआउट एवं जनसेवा की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने कहा। पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार यादव ने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है , बल्कि आम नागरिकों में सुरक्षा एवं पुलिस के प्रति विश्वास की भावना को और अधिक मजबूत करना भी पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने थाना स्टाफ को टीम भावना के साथ कार्य करते हुये बेहतर पुलिसिंग , त्वरित जनसमस्या निराकरण एवं जनविश्वास को निरंतर सुदृढ़ करने के निर्देश दिये।

Bhaskar Path

The News Related To The News Engaged In The https://bhaskarpath.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

Latest from Blog

error: Content is protected !!