डीडी नगर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई, दो बाइक और स्कूटी जब्त; एक आरोपी फरार
रायपुर । पुरानी रंजिश के चलते युवक से मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने और उसका दोपहिया वाहन लूटकर फरार होने के मामले में थाना डी.डी. नगर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोटर साइकिल और एक स्कूटी भी जब्त की है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।
पुलिस के अनुसार पुलिस उपायुक्त पश्चिम रायपुर रॉबिनसन गुड़िया के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम रायपुर राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त पुरानी बस्ती देवांश सिंह राठौर के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
मंदिर जाने के दौरान किया हमला
मामले में प्रार्थी बलराम साहू, उम्र 38 वर्ष, निवासी खल्लारी चौक वार्ड क्षेत्र, रायपुर ने 23 अगस्त 2026 को थाना डी.डी. नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी के अनुसार 19 अगस्त की सुबह करीब 4 बजे वह अपनी मोटर साइकिल से रायपुरा स्थित हटकेश्वरनाथ मंदिर, महादेव घाट जाने के लिए निकला था।
मंदिर के गेट के पास मोटर साइकिल खड़ी करने के बाद जब वह वापस लौटा, इसी दौरान आरोपियों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने पुरानी रंजिश को लेकर उसके साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
मारपीट में प्रार्थी के नाक और दाहिने पैर में चोट आई। इसके बाद आरोपी उसका दोपहिया वाहन लेकर मौके से फरार हो गए।
जांच के बाद तीन आरोपी गिरफ्तार
प्रार्थी की शिकायत पर थाना डी.डी. नगर में अपराध क्रमांक 527/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने धारा 309(6), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने आरोपियों की पतासाजी शुरू की। तकनीकी जानकारी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ एवं जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राज मिश्रा (22), यश मिश्रा उर्फ रोहन मिश्रा (22), दोनों निवासी विकास नगर, गुढ़ियारी, रायपुर तथा अभिषेक पटेल उर्फ सोनू (20), निवासी छोटा अशोक नगर, गुढ़ियारी, रायपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोटर साइकिल और एक स्कूटी जब्त की है। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है। उसकी तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा फरार आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।