सीएम साय ने किया विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं का सम्मान

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

रायपुर । जब नारी शक्ति आगे बढ़ती है तो उसके साथ परिवार , समाज और पूरा देश आगे बढ़ता है। महिलाओं को सम्मान , सुरक्षा , समान अवसर और आर्थिक स्वावलंबन प्रदान करना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। हमारी सरकार का संकल्प है कि छत्तीसगढ़ की हर बेटी को अपने सपने पूरे करने का अवसर मिले और हर महिला आत्मविश्वास एवं आत्मसम्मान के साथ आगे बढ़े।
उक्त बातें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय परिसर के अटल बिहारी वाजपेयी सभागृह में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग द्वारा आयोजित ‘नारी शक्ति सम्मान समारोह’ को संबोधित करते हुये कही। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर चिकित्सा , शिक्षा , खेल , साइबर सुरक्षा , पत्रकारिता , कला एवं संस्कृति , कृषि , महिला उद्यमिता , सामाजिक सेवा और महिला सुरक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। उन्होंने नारी शक्ति सम्मान समारोह पर आधारित ब्रोशर का भी विमोचन किया। सीएम साय ने सम्मानित महिलाओं को बधाई एवं शुभकामनायें देते हुये कहा कि इन महिलाओं ने अपने परिश्रम , प्रतिभा, साहस और संकल्प से अलग-अलग क्षेत्रों में विशिष्ट पहचान बनाई है। उनकी उपलब्धियां केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं हैं , बल्कि उन हजारों बेटियों के लिये प्रेरणा है , जो अपने सपनों को साकार करने के लिये आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी महिलाओं का सम्मान वास्तव में उस नारी शक्ति का सम्मान है जो परिवार को संस्कार देती है , समाज को दिशा देती है और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। छत्तीसगढ़ की महिलायें आज खेती-किसानी से लेकर उद्यमिता , शिक्षा , खेल , सामाजिक सेवा और आधुनिक तकनीक तक हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को सदैव सर्वोच्च स्थान दिया गया है। हमारे शास्त्रों में कहा गया है कि जहां नारी का सम्मान होता है , वहां देवताओं का वास होता है। लक्ष्मी-नारायण , उमा-महेश्वर , सिया-राम और राधा-कृष्ण जैसे संबोधन हमारी उस सांस्कृतिक चेतना के प्रतीक हैं , जिसमें नारी को शक्ति , करुणा , सृजन और संस्कार का आधार माना गया है। राज्य सरकार इसी भावना को योजनाओं और नीतियों के माध्यम से धरातल पर उतार रही है। मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. ममता साहू को बधाई एवं शुभकामनायें देते हुये कहा कि उन्हें अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील जिम्मेदारी मिली है। उनका सामाजिक एवं सार्वजनिक जीवन का अनुभव , कानून की समझ और उच्च शिक्षा इस दायित्व के निर्वहन में उपयोगी सिद्ध होगी। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. ममता साहू के नेतृत्व में राज्य महिला आयोग प्रदेश की माताओं-बहनों को न्याय दिलाने , उनके अधिकारों की रक्षा करने और पीड़ित महिलाओं तक कानूनी सहायता पहुंचाने में प्रभावी भूमिका निभायेगा। उन्होंने कहा कि महिला आयोग की भूमिका केवल शिकायतों के निराकरण तक सीमित नहीं रहनी चाहिये। आयोग गांवों , कस्बों , जनजातीय और दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचे तथा महिलाओं को उनके कानूनी और संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करे। महिलाओं को यह भरोसा होना चाहिये कि किसी भी कठिन परिस्थिति में शासन और उसकी संस्थायें संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ी हैं। इस कार्यक्रम को केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू , उप मुख्यमंत्री अरुण साव , महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में मंत्रीगण , छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू , विभिन्न निगम-मंडल एवं आयोगों के अध्यक्षगण , संतजन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि , अधिकारी तथा विभिन्न क्षेत्रों की प्रबुद्ध महिलायें उपस्थित थीं।

Bhaskar Path

The News Related To The News Engaged In The https://bhaskarpath.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

Latest from Blog

error: Content is protected !!