देहदान करने पर चर्च में कुमार राज कश्यप का किया सम्मान

पेंड्रीडीह आवास चर्च में परिवार सहित बुलाकर किया गया सम्मान, मानव समाज के कल्याण को बताया संकल्प का उद्देश्य

मुंगेली। नगर पंचायत जरहागांव के कृषक परिवार में जन्मे और ग्रामीण परिवेश में पले-बढ़े कुमार राज कश्यप ने देहदान का संकल्प लेकर समाज के सामने सेवा और मानव कल्याण की एक मिसाल पेश की है। बचपन से ही सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों से जुड़े रहे कुमार राज कश्यप ने सत्संगति से प्रेरित होकर देहदान करने का निर्णय लिया। उनके इस महत्वपूर्ण निर्णय पर पेंड्रीडीह आवास चर्च में परिवार सहित बुलाकर सम्मान किया गया।

सम्मान समारोह के दौरान कुमार राज कश्यप ने अपने निर्णय के उद्देश्य को साझा करते हुए कहा कि यह शरीर केवल उनका नहीं, बल्कि मानव समाज का है। देहदान के माध्यम से चिकित्सा शिक्षा और शोध के क्षेत्र में इसका उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि उनके शरीर से 10-20 डॉक्टर तैयार होंगे, जो आगे चलकर लाखों-करोड़ों लोगों का जीवन बचाने में अपना योगदान दे सकते हैं।

उन्होंने कहा कि देहदान के माध्यम से मृत्यु के बाद भी मानव समाज की सेवा की जा सकती है। उनका उद्देश्य समाज के कल्याण में अपना योगदान देना है। उनके इस विचार और संकल्प की उपस्थित लोगों ने सराहना की।

परिवार की मौजूदगी में हुआ सम्मान

कुमार राज कश्यप के देहदान के निर्णय के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में उनकी धर्मपत्नी एवं अनुराग व्हीएम स्कूल की संचालिका सुभद्रा राज कश्यप विशेष रूप से उपस्थित रहीं। चर्च के पास्टर राजेश माथुर, अमित सुखनंदन सहित समाज के अन्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कुमार राज कश्यप के देहदान के निर्णय को मानव सेवा और समाज कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया तथा उनके संकल्प की सराहना की।

Bhaskar Path

The News Related To The News Engaged In The https://bhaskarpath.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

Latest from Blog

error: Content is protected !!