मुंगेली@भास्कर पथ। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छटन में व्यावसायिक शिक्षा पाठ्यक्रम के अंतर्गत बैंकिंग एवं बीमा प्रणाली की विशेष जानकारी देने के उद्देश्य से एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन एसबीआई लाइफ मुंगेली शाखा द्वारा किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन के साथ किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ ब्रांच मैनेजर श्रीकांत शुक्ला, व्यवसाय मैनेजर प्रमोद कुमार श्रीनेत, एसबीआई लाइफ मित्र डॉ. आईपी यादव एवं प्राचार्य ए.डी. अंचल उपस्थित रहे।
कार्यशाला के दौरान ब्रांच मैनेजर श्रीकांत शुक्ला ने प्रोजेक्टर के माध्यम से विद्यार्थियों को बैंकिंग एवं बीमा प्रणाली से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में विद्यार्थियों सहित प्रत्येक व्यक्ति के लिए बैंकिंग और बीमा प्रणाली की जानकारी रखना आवश्यक है। बैंकिंग के विभिन्न पहलुओं को समझकर उनका सही तरीके से उपयोग किया जा सकता है।
उन्होंने बैंकिंग से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं और जीवन सुरक्षा के महत्व पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि आज के समय में आर्थिक सुरक्षा के लिए बैंकिंग एवं बीमा संबंधी जागरूकता जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को लघु बचत और आवश्यक निवेश के महत्व के बारे में भी बताया।
शुक्ला ने कहा कि जीवन में छोटी-छोटी बचत और योजनाबद्ध निवेश के माध्यम से स्वयं के साथ-साथ बच्चों के भविष्य को भी सुरक्षित एवं तनावमुक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को वित्तीय मामलों में जागरूक रहने तथा उपलब्ध सुविधाओं का समझदारी से उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
शिक्षकों का किया गया सम्मान
कार्यक्रम के अंत में शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यालय के प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूल के समस्त शिक्षकों एवं व्याख्याताओं को प्रमाण पत्र, श्रीफल एवं कलम देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर गुरु की महिमा का वर्णन करते हुए कहा गया कि समुद्र के जल को स्याही, पर्वतों के वृक्षों को कलम और धरती को कागज बनाकर भी गुरु की महिमा का पूर्ण वर्णन संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि गुरु केवल ज्ञान देने का कार्य ही नहीं करते, बल्कि समाज को सही दिशा देने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
उन्होंने शिक्षकों से अपने महती कर्तव्य का निर्वहन पूरी गंभीरता और निष्ठा के साथ करने का आह्वान किया, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन मिल सके और राष्ट्र उन्नति के शिखर पर पहुंच सके।
कार्यक्रम में उमाकांत मिरी, अशोक सियारे, अमीन सोनवानी, लालाराम घृतलहरे, सुषमा गुप्ता, ज्योति सिंह, लक्ष्मी नारायण जोशी, भाऊ राम साहू, अनुसाहू, झमेश पटेल, बलदाऊ साहू, मीरकंठ साहू, राजकुमारी बंजारे, जेठू राम साहू, संतोष सप्रे, दीपक सिंह सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ व्याख्याता मोहन उपाध्याय द्वारा किया गया।